हमीरपुर। रविंद्र चंदेल / हैप्पी जामरा
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने देशभर में पुलिस थानों की रैंकिंग में नादौन पुलिस थाना को हिमाचल प्रदेश का सर्वश्रेष्ठ थाना घोषित किए जाने पर नादौन क्षेत्र के लोगों को बधाई दी है। पुलिस थाने की रैंकिंग राष्ट्रीय स्तर पर भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा की जाती है तथा पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू ने केंद्रीय गृह मंत्रालय से प्राप्त यह प्रमाण पत्र प्रदेश सरकार को सौंपा है।
मुख्यमंत्री ने इसके लिए नादौन पुलिस थाने के अधिकारियों तथा कर्मचारियों को भी पूरी लगन से काम करने के लिए बधाई दी है। उधर एसपी अजीत सिंह ठाकुर ने बताया कि देशभर में 15000 से अधिक थाने हैं जिनकी कार्यप्रणाली का आकलन राष्ट्रीय स्तर पर केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा किया जाता है जिसमें नादौन पुलिस थाने को केंद्रीय मंत्री अमित शाह द्वारा हिमाचल प्रदेश का उत्कृष्ट थाना घोषित किया गया है। वहीं नादौन थाने में भी इसके लिए खुशी का माहौल है। थाने के कर्मचारियों ने इस मौके पर लड्डू बांटकर बधाई दी।