स्वारघाट। आनंदपुर साहिब नंगल रोड पर भानुपली के पास दो कारों के बीच भीषण सड़क हादसा होने की खबर सामने आई है। इस दर्दनाक हादसे में करीब 7 से 8 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार दोनों कारों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हुई, जिससे दोनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसा इतना भयानक था कि चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से 5 गंभीर रूप से घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है, जबकि 1 घायल को नंगल और 1 घायल को श्री आनंदपुर साहिब अस्पताल रेफर किया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही संबंधित प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारू किया। फिलहाल पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।








