विनोद ठाकुर। भरमौर
जनजातीय क्षेत्र भरमौर उपमंडल के हरित आवरण के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रदेश सरकार कृत संकल्पित है। यह बात विधायक जियालाल कपूर ने भरमौर के घराड़ू वन बीट में आयोजित 71वें मंडल स्तरीय वन महोत्सव के दौरान बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए कही।
भरमौर से ऑनलाइन कार्यक्रम के माध्यम से उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से भी सीधा संवाद किया और वन महोत्सव कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने देवदार का पौधा रोपित किया।
कार्यक्रम के दौरान 100 पौधे रोपित किए गए। उन्होंने बताया कि इस वित्तीय वर्ष में भरमौर उपमंडल के विभिन्न वन परिक्षेत्रों में 270 हेक्टेयर भूमि में पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें विभिन्न प्रजातियों के 2 लाख 79 हजार नए पौधे विभागीय कर्मियों व लोगों के सहयोग से रोपित किए जाएंगे।