भरमौर (चंबा)। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में मंगलवार सुबह भारी भूस्खलन ने लोगों की चिंता बढ़ा दी। भरमौर क्षेत्र में पहाड़ दरकने और जमीन धंसने से कोड़ला-उरेई सड़क का बड़ा हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सड़क पर मलबा आने के साथ ही वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है। भूस्खलन इतना भयावह था कि सड़क की हालत देखकर लोग सहम गए। राहत की बात यह रही कि जिस समय पहाड़ दरका, उस दौरान कोई वाहन इसकी चपेट में नहीं आया।

मंगलवार सुबह अचानक हुए भारी भू-धंसाव के कारण कोड़ला से उरेई को जोड़ने वाले मार्ग को भारी नुकसान पहुंचा। सड़क के बड़े हिस्से में जमीन धंस गई और भूस्खलन का मलबा फैल गया। स्थिति इतनी खराब है कि इस मार्ग पर फिलहाल वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है। वहीं, सड़क की स्थिति को देखते हुए पैदल चलना भी लोगों के लिए मुश्किल हो गया है।
4 पंचायतों का संपर्क कटा, बढ़ी परेशानी
कोड़ला-उरेई सड़क स्थानीय लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। इसके बंद होने से क्षेत्र की चार पंचायतों का संपर्क प्रभावित हुआ है। स्थानीय लोगों को रोजमर्रा के कामों के लिए आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उरेई की ओर जाने वाले लोगों के लिए भी यह मार्ग बंद होने से मुश्किलें बढ़ गई हैं।
कंडी-कुठेड़ सड़क बनी फिलहाल सहारा
हालांकि, प्रशासन और विभाग की ओर से लोगों के लिए एक वैकल्पिक रास्ता मौजूद है। उरेई पहुंचने के लिए कंडी-कुठेड़ सड़क का इस्तेमाल किया जा सकता है। जब तक कोड़ला-उरेई मार्ग की स्थिति सामान्य नहीं होती, लोगों को इसी वैकल्पिक मार्ग से आवाजाही करने की सलाह दी जा रही है।
भूस्खलन का वीडियो देख दहले लोग
पहाड़ दरकने और भूस्खलन का भयावह वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में सड़क के आसपास अचानक जमीन खिसकती और मलबा गिरता नजर आ रहा है। इस घटना ने बरसात के मौसम में चंबा के पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश के बीच सड़कें और पहाड़ दोनों ही संवेदनशील बने हुए हैं।
विभाग ने मौके पर भेजी टीम
लोक निर्माण विभाग ने मार्ग को जल्द बहाल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। चंबा लोक निर्माण विभाग की टीम मौके पर भेजी जा रही है, ताकि नुकसान का आकलन कर सड़क बहाली का काम शुरू किया जा सके। लोक निर्माण विभाग चंबा के अधीक्षण अभियंता जीत सिंह ठाकुर ने बताया कि कोड़ला-उरेई मार्ग भारी भूस्खलन और जमीन धंसने से क्षतिग्रस्त हुआ है। उन्होंने कहा कि मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बाधित है और मौके का निरीक्षण कर जल्द यातायात बहाल करने के प्रयास किए जाएंगे।








