चम्बा। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के बीच चम्बा जिले के भटियात से इंसानियत की ऐसी तस्वीर सामने आई है, जो मुश्किल वक्त में एक-दूसरे का सहारा बनने की सीख देती है। जब तेज बहाव में फंसा एक बाइक सवार जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा था, तब वहां मौजूद एक परिवार ने तमाशबीन बनने के बजाय उसकी मदद के लिए अपनी जान जोखिम में डाल दी।

कार में सवार महिलाओं ने अपने दुपट्टों को आपस में जोड़कर जीवन रक्षक डोरी तैयार की और उफनते पानी में फंसे बाइक सवार को बचाने की कोशिश की। इस साहसिक कदम ने एक संभावित बड़े हादसे को टालने में अहम भूमिका निभाई।
मूसलाधार बारिश से सड़क बनी उफनता नाला
जानकारी के अनुसार देर शाम ककीरा-कमलाड़ी मुख्य मार्ग पर मूसलाधार बारिश के बाद हालात अचानक बिगड़ गए। सड़क पर पानी का बहाव इतना तेज हो गया कि पूरा मार्ग उफनते नाले में तब्दील नजर आने लगा। इसी दौरान एक बाइक सवार तेज पानी की चपेट में आ गया। पानी का वेग इतना अधिक था कि उसके लिए खुद को संभालना मुश्किल हो गया और वह बहाव में फंस गया।
मुश्किल में फंसी जिंदगी, मदद को आगे आया परिवार
बाइक सवार को तेज बहाव में फंसा देखकर कार में सवार महिलाओं ने हिम्मत दिखाई। ऐसे समय में जब कुछ लोग अक्सर हादसे का वीडियो बनाने तक सीमित रह जाते हैं, इन महिलाओं ने तत्काल मदद का रास्ता चुना। महिलाओं ने अपने दुपट्टों को आपस में जोड़कर एक लंबी डोरी तैयार की। इसके जरिए बाइक सवार तक मदद पहुंचाने और उसे तेज बहाव से बाहर निकालने का प्रयास किया गया।
दुपट्टे बने जिंदगी की डोर
इस पूरे घटनाक्रम में सबसे भावुक करने वाली बात यह रही कि महिलाओं ने किसी विशेष संसाधन का इंतजार नहीं किया। मौके पर उपलब्ध दुपट्टों को ही सहारे का जरिया बनाया गया। तेज बहाव और जोखिम के बावजूद मदद के लिए आगे आना अपने आप में साहस की मिसाल है। यह घटना बताती है कि संकट की घड़ी में इंसानियत और हिम्मत किसी भी साधन से बड़ी ताकत बन सकती है।








