अजौली। मैहतपुर क्षेत्र के भटोली मोड़ पर एक वोल्वो बस और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन कार सवारों को चोटें पहुंची है। घायलों का स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार करवाया गया।

जानकारी के अनुसार वोल्वो बस धर्मशाला से अंबाला की ओर जा रही थी। इसी दौरान भटोली मोड़ के पास बाजार की तरफ से आ रही एक कार से उसकी भिड़ंत हो गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक टक्कर काफी तेज थी, जिससे कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कार सवार लोगों को चोटें भी आई हैं। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने घायलों की मदद की और स्थिति को संभाला। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया, जिसके चलते मामला पुलिस तक नहीं पहुंचा।








