बिलासपुर । जिले में बुधवार को दिनदहाड़े एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर मंडी-भराड़ी पुल के समीप एक युवक पर आपसी विवाद के दौरान कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किया गया।

हमले में गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान सन्नी गिल के रूप में हुई है। वारदात के दौरान हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे भर्ती कर लिया गया है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार मंडी-भराड़ी पुल के पास कुछ लोगों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
पुलिस इस मामले की जांच पुराने विवादों और आपसी रंजिश के पहलू से भी कर रही है। उल्लेखनीय है कि घायल सन्नी गिल पर वर्ष 2024 में बिलासपुर शहर के कोर्ट परिसर के पास एक युवक पर गोली चलाने का आरोप भी लग चुका है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस वर्तमान वारदात और उसके पिछले आरोपों के बीच किसी संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आश्वासन दिया कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें सक्रिय रूप से कार्रवाई कर रही हैं। दोषियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर कानून के अनुसार कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।-अभिषेक धीमान, एसपी बिलासपुर।







