बिलासपुर। घुमारवीं क्षेत्र में एक कार से 4.100 किलोग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपितों ने अभी हाल ही में नई कार खरीदी थी और उसमें सवार होकर तस्करी करने निकल पड़े, लेकिन पुलिस ने इन्हें काबू कर लिया।

पुलिस थाना घुमारवीं की टीम बलोह फोरलेन सड़क पर मल्यावर लिंक रोड के समीप नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मंडी की ओर से आ रही एक अल्टो के-10 कार अस्थायी नंबर को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर कार से 4.100 किलोग्राम चरस बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान लेखराज (34) निवासी सुराड़ी, तहसील कोटली जिला मंडी, राज कुमार (36) निवासी बाली चौकी, जिला मंडी तथा रोहित कुमार (25) निवासी देवधार, जिला मंडी के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ पुलिस थाना घुमारवीं में मामला दर्ज कर लिया है।







