अनूप शर्मा। बिलासपुर
बिलासपुर सदर चुनाव क्षेत्र में कोरोना महामारी को हराने के लिए विधायक सुभाष ठाकुर एक्शन मोड में आ गए हैं। इसके तहत भाजयुमो के माध्यम से सेनिटाइजेशन अभियान शुरू किया गया है।
वहीं वह होम आइसोलेट किए गए कोरोना पॉजिटिव लोगों से स्वयं अपने कार्यालय के माध्यम से व कार्यकर्ताओं के माध्यम से संपर्क साधकर उनका कुशलक्षेम जानने के साथ ही उनकी जरूरतें भी पूरी कर रहे हैं। इस पूरे कार्य को युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं की सहायता से अंजाम दिया जा रहा है।
सेनिटाइज अभियान के तहत शुक्रवार को भाजपा जिला महामंत्री आशीष ढिल्लों की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने बिलासपुर शहर के रौड़ा सेक्टर 2 व 3 को सेनिटाइज किया। इस अवसर पर विधायक सुभाष ठाकुर ने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर से निपटने के लिए बिलासपुर में योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है।
महिला मोर्चा और महिला मंडलों के सहयोग से 70 हजार मास्क तैयार किए गए हैं, जो सदर विस क्षेत्र में वितरित किए जाएंगे। वहीं सेनिटाइजेशन के लिए दो हजार लीटर सेनिटाइजर केमिकल की व्यवस्था भी की गई है ताकि बिलासपुर शहर समेत विस क्षेत्र की सभी 41 पंचायतों को सेनिटाइज करके कोरोना के खिलाफ जंग जीती जा सके। इस कार्य को युद्ध स्तर पर पूरा करने के उद्देश्य से विस क्षेत्र की सभी पंचायतों को 25 -25 हजार रुपये उपलब्ध करवाए जाएंगे।