हिमाचल दस्तक ब्यूरो। बिलासपुर
बिलासपुर सदर पुलिस ने नशा माफिया के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जबली के पास नई दिल्ली से आ रहे एक 30 वर्षीय युवक से 103 ग्राम से ज्यादा चिट्टा बरामद करने में कामयाबी प्राप्त की है।
यह युवक जबली के पास पुलिस को चकमा देन के लिए बस से नीचे उतर गया, लेकिन वहां पर पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सदर पुलिस टीम थाना प्रभारी भूपेंद्र की अगुवाई मेें एनएच चंडीगढ़-मनाली पर स्थित जबली के पास गश्त कर रही थी। उसी दौरान दिल्ली से आ रही एक बस से 30 वर्षीय सबील, निवासी पंजाब एस्टेट सिकंदराबाद रोड न्यू दिल्ली पुलिस को चकमा देने के लिए उतरा। जैसे ही वह पैदल आगे की ओर निकलने लगा कि पुलिस ने पकड़ लिया। कड़ी पूछताछ के बाद जब उसकी तलाशी ली तो उसके पास से करीब 103 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
युवक चिट्टा दिल्ली से ला रहा था, जिसे पुलिस ने यहां पर धर दबोचा। वहीं बिलासपुर सदर पुलिस ने एक अन्य मामले में एनएच चंडीगढ़- मनाली पर होटल लेक व्यू के पास गोविंद निवासी खबलेच जिला मंडी से 80 ग्राम चरस बरामद की है। उधर, एसपी एसआर राणा ने इन दोनों मामलों की पुष्टि की है।









