बिलासपुर। जिले से एक हैरान कर देने वाला पारिवारिक विवाद सामने आया है। यहां अपनी पत्नी से मिलने ससुराल गए एक दामाद को ससुर और साले के भारी गुस्से का शिकार होना पड़ा। इस हिंसक घटना में युवक बुरी तरह घायल हो गया है और पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है।

जानकारी के अनुसार पीड़ित युवक की पहचान हरपाल सिंह के रूप में हुई है। वह अपनी पत्नी से मिलने के लिए बिलासपुर के भाखड़ा स्थित अपने ससुराल गया हुआ था। बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि हरपाल के ससुर और साले ने उस पर हमला कर दिया। पुलिस को दी गई शिकायत में बताया गया है कि ससुर और साले ने मिलकर हरपाल को डंडों से बुरी तरह पीटा और थप्पड़-मुक्के भी मारे।
शिकायतकर्ता हरनाम सिंह सोलन जिले के नालागढ़ तहसील के तहत आने वाले गांव रत्योड दूगरी (डाकघर पंजैहरा) के निवासी हैं। हरनाम सिंह की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है। बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने इस मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि कोट कहलूर पुलिस थाना की टीम इस पूरे घटनाक्रम की गहनता से छानबीन कर रही है।








