शिमला:
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने ओखला और बदरपुर विधानसभा क्षेत्र में दिल्ली चुनावों में सभाओं में भाग लिया। उन्होंने सभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश में लंबे समय के बाद एक ऐसा नेता मिला है जिसने न केवल भारत में जन जन के अंदर विश्वास पैदा किया है कि भारत दुनिया की महान शक्ति बनेगा।
जिसने कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक एक विश्वास पैदा किया है कि भारत दुनिया की सबसे बड़ी ताकत बनेगा और दुनिया ने उसका लोहा माना है और उसका नाम है नरेंद्र मोदी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी ने पूरा देश जीता और मोदी जी के नेतृत्व में दिल्ली के लोकसभा चुनावों में सभी सातों सीटों पर भारतीय जनता पार्टी ने जीत का परचम लहराया।
उन्होंने कहा लोकसभा चुनावों में दिल्ली में 68 में से 60 सीटों पर भाजपा की बढ़त थी और आने वाले चुनावों में भी इसी प्रकार से यह बढ़त बनी रहेगी उन्होंने कहा पिछले 22 सालों में दिल्ली में जो भी सरकार बनी है उन्होंने दिल्ली की जनता के साथ छलावा किया है। पिछले 22 सालों में भारत बदल गया है पर दिल्ली नहीं बदली। उन्होंने कहा देश में जहां भी भाजपा की सरकार है चाहे वह गुजरात हो, हिमाचल प्रदेश या मध्य प्रदेश वहां पर चौतरफा विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा पूरा देश आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी के साथ खड़ा है और आज दिल्ली भी खड़ा होने जा रहा है।