शिमला:
बिंदल की अध्यक्ष पर ताजपोशी में एक जानी अनजानी घटना फिर सीएम जयराम ठाकुर और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के रिश्तों को प्रदर्शित कर गई। कार्यक्रम के बीच जैसे ही अनुराग ठाकुर मंच पर आए, उन्होंने पहले हिमाचल भाजपा प्रभारी मंगल पांडे से हाथ मिलाया। लेकिन फिर दूसरे नंबर पर खड़े मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के बढ़ाए हाथ को न देखते हुए सीधे तीसरे नंबर पर खड़े डॉ. राजीव बिंदल से गले मिले।
बाद में सीएम की ओर मुड़े और हाथ मिलाया। खैर, ये महज एक गलती थी या जान-बूझकर किया गया, ये तो अनुराग ठाकुर ही जानें, लेकिन इस घटना ने राजनीतिक विरोधियों को भी एक बहाना जरूर दे दिया। इसके बाद अपने संबोधन में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि बिंदल जी आप खुला खेलिए। संतुलन बिठाने का काम विधानसभा के अंदर होता था, बाहर नहीं। पूरा संगठन आपके साथ है।
यहां सिर्फ अब भाजपा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल भाजपा को जिस तरीके से सतपाल सत्ती और पवन राणा की टीम ने बनाया था, उसकी मिसाल कहीं नहीं मिलती। यहां के त्रिदेव सम्मेलनों और पन्ना प्रमुख फॉर्मूूले की चर्चा पूरे देश में हुई है। क्योंकि हिमाचल भाजपा की इस टीम ने इस काम में तकनीक का इस्तेमाल किया। अब बिंदल इस काम को आगे बढ़ाएंगे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को बड़ा भाई कहते हुए उन्होंने प्रदेश सरकार के काम की तारीफ की।
भाजपा ने जारी किया हाथ मिलाने वाला वीडियो
सोशल मीडिया पर सीएम जयराम ठाकुर को इग्नोर करने वाला वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा भी बचाव में आई है। पार्टी ने अपने आधिकारिक व्हाट्सऐप पर पूरा वीडियो जारी करते हुए कहा है कि जो वीडियो चलाया जा रहा है, वह एडिट किया गया है। जबकि केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने सीएम से हाथ मिलाया था। पार्टी अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने भी कहा कि इस मसले को अनावश्यक उछाला जा रहा है। किसी का अनादर करने जैसी कोई घटना हुई ही नहीं है।