नरेंद्र शर्मा। मंडी
जिला मंडी के पंचायत चुनावों में बेहतरीन प्रदर्शन करने पर भाजपा ने अब नजरें मंडी नगर निगम के चुनावों पर गड़ा दी हैं। हालांकि नगर निगम को कब्जाने के लिए अब भाजपा ने अपने सबसे स्ट्रांग मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर को फील्ड में उतारा है। महेंद्र सिंह ठाकुर को मंडी नगर निगम चुनावों की बागडोर सौंपी गई है और उन्हें ही इस बार नगर निगम चुनाव के लिए प्रभारी बनाया गया है। किस उम्मीदवार को भाजपा का समर्थित उम्मीदवार घोषित करना है उसकी रिपोर्ट भी वही हाईकमान को सौंपेंगे।
हालांकि अंतिम फैसला हाईकमान करेगा, लेकिन फील्ड पर मंत्री महेंद्र सिंह ही रिपोर्ट तैयार करेंगे। इसके लिए अब उम्मीदवार अब उनके दरबार में हाजिरी लगाने लगे हैं। यहां तक कि वही आगामी रणनीति तैयार कर रहे हैं कि किस तरह से पंडित सुखराम के गढ़ में भाजपा की नैया को पार लगाया जाए। हालांकि पहले की तरह पं. सुखराम का ज्यादा सक्रिय राजनीति में नहीं हैं।
पंडित सुखराम की जगह उनके बेटे और पोते के हाथ में कांग्रेस की कमान रहेगी। क्योंकि मंडी शहर उनके विस क्षेत्र में ही आता है। लिहाजा सीएम जयराम ठाकुर ने अपने सबसे काबिल काबिना मंत्री को नगर निगम के चुनावी मैदान में उतारा है। सूत्रों के मुताबिक पिछले कल सर्कट हाउस मंडी में महेंद्र सिंह ने एक अनौपचारिक बैठक भी की।
इसमें कई उम्मीदवारों ने उनके समक्ष हाजिरी लगाई। शहरी मतदाताओं को लुभाने के लिए कैसी रणनीति बने इस पर भी अब मंत्री मंथन करने लगे हैं। नगर निगम मंडी में कुल 15 वार्ड इस बार बनाए गए हैं। किस किस वार्ड से किसे पार्टी का समर्थन देना है इसकी रिपोर्ट तैयार करना मंत्री ने शुरू कर दी है।
पार्टी सिंबल पर होंगे चुनाव इस पर संशय
नगर निगम के चुनाव डायरेक्ट होंगे या इनडायरेक्ट इस पर अभी संशय बरकरार है। जबकि पार्टी सिंबल को लेकर भी कुछ ऐसा ही संशय बना हुआ है। यह सरकार को तय करना है कि नगर निगम के चुनाव पार्टी सिंबल पर करने हैं या नहीं।
मेयर पद ओपन होगा या रिजर्व, तस्वीर साफ नहीं
नगर निगम मंडी का मेयर पद ओपन होगा या रिजर्व। इस पर भी विभाग अभी तस्वीर साफ नहीं कर पाया है। जैसे ही रोस्टर लागू होगा तभी इसका पता चल पाएगा। फिलहाल तो उम्मीदवार पार्षद बनने के लिए अपने अपने वार्डों में चुनावी तैयारी करने में जुट गए हैं।
बीडीसी, जिप में मिली भाजपा को सफलता
बीडीसी और जिप के चुनावों में भाजपा को मंडी में अप्रत्याशित सफलता मिली है। जिला परिषद में 36 में से 27 सीटें भाजपा ने जीती, जबकि बीडीसी के चुनाव में सभी पर विजय प्राप्त की। बल्ह बीडीसी में उपाध्यक्ष का पद भाजपा हासिल नहीं कर पाई। अन्य जगह भाजपा ने ही परचम लहराया।
नगर निगम चुनाव के लिए मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर को चुनाव प्रभारी लगाया गया है। वही निगम के चुनावों की देखरेख करेंगे और रणनीति तैयार करेंगे।
-रणवीर सिंह ठाकुर जिलाध्यक्ष भाजपा