हिमाचल दस्तक ब्यूरो। शिमला
हिमाचल भाजपा में ज्वालामुखी फिर से धधक उठा है। पार्टी में कलह का केंद्र एक बार फिर से कांगड़ा जिला बना है। संगठन व सरकार बेशक सबकुछ ठीक होने का दावा करें, लेकिन वीरवार को कांगड़ा जिला के पार्टी एमएलए की सीएम जयराम ठाकुर के साथ मुलाकात के बाद गुटबाजी सार्वजनिक हो गई।
मीटिंग के बाद कांगड़ा जिला के वरिष्ठ नेता व भाजपा विधायक रमेश धवाला के जो तेवर थे, उससे भाजपा का ज्वालामुखी फिर धधकने लगा है। मुलाकात के बाद धवाला ने मीडिया से बातचीत में कहा कि विधायकों की मर्जी के बगैर ही प्रदेश व जिलों में नियुक्तियां हो रही हैं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सभी विधायकों की बातों को ध्यान से सुनकर समाधान निकालने का भरोसा दिया है, मगर धवाला के तेवरों से साफ है कि कांगड़ा भाजपा के यह वरिष्ठ नेता संगठनात्मक नियुक्तियों को लेकर दरकिनार किए जाने से खासा नाराज हैं।








