मंडी। पंचायती राज चुनाव का घमासान शुरू हो चुका है। गुरुवार को नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है और इस बीच मंडी जिले के जोगिंद्रनगर में राजनीतिक उलटफेर देखने को मिला है। भाजपा ने जिला परिषद के नेर घरबासड़ा वार्ड से कांग्रेस नेता की पत्नी को टिकट देकर सभी को चौंका दिया।

जानकारी के अनुसार नेर घरबासड़ा वार्ड से बिंदु बाला को भाजपा ने प्रत्याशी बनाया है और वह अधिवक्ता अनिल कुमार चौधरी की पत्नी हैं। अनिल चौधरी सुक्खू सरकार में सीनियर स्टैंडिंग काउंसिल के पद कार्यरत हैं। बताया जा रहा है कि अनिल चौधरी हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के दौरान से ही कांग्रेस के कट्टर समर्थक रहे हैं और वह पार्टी की ओर से पत्नी के लिए टिकट भी चाह रहे थे, लेकिन कांग्रेस ने टिकट नहीं दिया।
भाजपा का चुनावी समीकरणों को बदलने का दांव
कांग्रेस की ओर से इस संबंध में अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। उधर, जानकारों का मानना है कि भाजपा ने कांग्रेस में सेंधमारी करते हुए चुनावी समीकरणों को बदलने का दांव खेला है। हालांकि, चुनावी नतीजे भाजपा के दांव पर मुहर लगाएंगे कि यह कितना सफल रहा। उधर, जोगिंद्रनगर से भाजपा विधायक प्रकाश राणा ने भाजपा प्रत्याशी के साथ तस्वीरें शेयर की और जिला परिषद के तीनों वार्डों के प्रत्याशियों को शुभकामना दी है।








