मुंबई (भाषा)। महाराष्ट्र में कांग्रेस ने वीरवार को भाजपा पर नवनिर्वाचित विपक्षी विधायकों को प्रलोभन देने की कोशिश करने का आरोप लगाया और राज्य में सरकार गठन में देरी के लिए उसे जिम्मेदार भी ठहराया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बालासाहेब थोराट ने दावा किया कि भाजपा ने विपक्षी खेमे के कुछ विधायकों से संपर्क साधा है।
उन्होंने कहा कि नई सरकार को लेकर भाजपा और उसकी सहयोगी शिवसेना के बीच चल रहे गतिरोध के कारण राज्य और उसके किसान परेशानियों का सामना कर रहे हैं। थोराट ने यहां संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि भाजपा ने जिस तरह 2019 के लोकसभा चुनावों और विधानसभा चुनाव से पहले अन्य दलों के नेताओं को अपने खेमे में लाने के तरीके अपनाए थे, वैसे ही अब अपनाए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि 21 अक्टूबर को हुए विधानसभा चुनावों से पहले विपक्षी कांग्रेस और राकांपा से कई नेता भाजपा और शिवसेना में चले गए थे। थोराट ने भाजपा के सामने सवाल किया कि उसके नेता जब बृहस्पतिवार को राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मिले तो सबसे बड़े दल के नाते सरकार गठन का दावा पेश नहीं किया। कांग्रेस के पूर्व मंत्री ने भाजपा को महाराष्ट्र में सरकार गठन में देरी के लिए जिम्मेदार ठहराया।