चार बोर्ड निगमों में भी जल्द होंगी अध्यक्ष, उपाध्यक्षों की नियुक्तियां
हिमाचल दस्तक ब्यूरो। शिमला : मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि राज्य मंत्रिमंडल में विस्तार करने से पहले प्रदेश भाजपा अध्यक्ष का चुनाव होगा। ये हमारी प्राथमिकता है, क्योंकि इससे एक तो संगठन और सरकार में संतुलन जुड़ा है, दूसरा राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव की डेट घोषित हो चुकी है। जयराम ठाकुर सचिवालय में मीडिया से अनौपचारिक बात कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पर फैसला 12 जनवरी से पहले संभव है। इसका कारण ये है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की डेट 15 से 20 जनवरी के बीच तय हो गई है। ये चुनाव करवाने के लिए कम से कम 50 फीसदी राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष चुने जाने जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि इसी महीने चार बोर्ड-निगमों में अध्यक्ष एवं उपाध्यक्षों की भी नियुक्तियां होंगी। वर्तमान सरकार ने जरूरी बोर्ड निगमों में ही ये नियुक्तियां करने का फैसला लिया है, ताकि अनावश्यक बोझ न पड़े।
एक अन्य सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की कैबिनेट ठीक काम कर रही है। मंत्रिमंडल में दो स्थान रिक्त हैं, लेकिन ये विस्तार तभी करेंगे, जब हाईकमान कहेगा। हाईकमान के पास सारी स्थितियों को लेकर चर्चा हो चुकी है। अब वहां से ही क्लीयरेंस आने के बाद अगला फैसला होगा। ये इसी महीने हो जाएगा या नहीं, इस बारे में अभी कुछ भी कहना संभव नहीं है।
काम देखकर ही लिया मुख्य सचिव पर फैसला
मुख्य सचिव पर अनिल खाची की नियुक्ति से संबंधित सवाल पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि ये फैसला काम देखकर ही लिया गया है। अफसरों और सचिवालय कर्मियों ने इस फैसले का स्वागत किया है, ये अच्छी बात है। उन्होंने कहा कि अफसरशाही को राज्य सरकार की नीतियों को बिना देर किए लागू करना होता है और इस फैसले से इस काम में मदद मिलने की उम्मीद है।
कांगड़ा प्रवास लोहड़ी के बाद, दो चरणों में होगा
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर 13 जनवरी के बाद कांगड़ा जिला का प्रवास शुरू करेंगे। सीएम ने कहा कि वह लोहड़ी के बाद कांगड़ा जाएंगे और ये प्रवास दो चरणों में होगा। पहले चरण में आधे चुनाव क्षेत्र और शेष विस क्षेत्र दूसरे चरण में किए जाएंगे। इस प्रवास का मकसद लोगों की बीच जाकर अपनी बात रखना है। कांगड़ा हिमाचल का सबसे बड़ा जिला है।
हर छह महीने में होती रहेगी ग्राउंड बे्रकिंग सेरेमनी
ग्लोबल इन्वेस्टर मीट के एमओयू को जमीन पर उतारने से संबंधित रणनीति पर मुख्यमंत्री ने कहा कि 27 दिसंबर को पहली ग्राउंड बे्रकिंग सेरेमनी शिमला में हुई है। अब हर छह महीने में ऐसी सेरेमनी होती रहेगी, ताकि हम निवेश को सुनिश्चित कर सकें। इसके साथ-साथ नए निवेश के लिए आने वाले दिक्कतों को दूर करने का क्रम जारी रहेगा। खासकर जमीन की कमी के मसले पर।