धर्म चंद वर्मा। मंडी
जिला मंडी में रविवार को केंद्र सरकार के 7 स्वर्णिम वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा जोनल अस्पताल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस रक्तदान शिविर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
इस अवसर पर बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 7 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर आज जोनल अस्पताल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया है।
इस रक्तदान शिविर में भाजपा पदाधिकारी सहित कार्यकर्ता भाग ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और सभी को रक्तदान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 7 वर्षों के कार्यकाल में देश और प्रदेश में कई विकासात्मक कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि इसके अलावा प्रदेश सरकार द्वारा सेवा ही संगठन भाग-2 के तहत कई कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।
इसमें सफाई अभियान के साथ-साथ मास्क, सेनिटाइजर वितरण और जरूरतमंदों को राशन वितरित किया जा रहा है। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला अध्यक्ष रनवीर सिंह, मंडल अध्यक्ष मनीष कपूर, महामंत्री महेंद्र पाल, नगर निगम की महापौर दीपाली जसवाल, जिला युवा मोर्चा अध्यक्ष राकेश वालिया, जिला मीडिया प्रभारी प्रशांत शर्मा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।