प्रधान पद के चुनाव में हार के बाद विवाद बढ़ा, सात लोगों पर मामला दर्ज
टाहलीवाल। पंचायत चुनाव के बाद उपजी रंजिश अब झगड़े और मारपीट तक पहुंचने लगी है। पुलिस थाना टाहलीवाल के तहत गांव बोलेवाल, दुलैहड़ में चुनावी रंजिश को लेकर हुए विवाद में महिला सहित दो लोगों के घायल होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में बोलेवाल निवासी मोहम्मद अली ने बताया कि उनकी पत्नी नरगिस हाल ही में संपन्न हुए पंचायत चुनाव में प्रधान पद की उम्मीदवार थीं। वहीं पड़ोस में रहने वाली जतिंद्र कौर भी चुनाव मैदान में उतरी थीं। चुनाव परिणाम में दोनों उम्मीदवार हार गईं, जिसके बाद से जतिंद्र कौर के परिजन उनसे नाराज चल रहे थे।
शिकायतकर्ता के अनुसार बुधवार शाम करीब साढ़े पांच बजे जतिंद्र कौर के पति वीरदीन ने उन्हें फोन कर निजी बात करने के बहाने घर के पास बुलाया। जब वह वहां पहुंचे और बुलाने का कारण पूछा तो वीरदीन ने गाली-गलौच शुरू कर दी। स्थिति बिगड़ती देख मोहम्मद अली वापस जाने लगे, लेकिन आरोप है कि वीरदीन ने रास्ता रोककर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट होते देख मोहम्मद अली के भाई की पत्नी सीमा देवी बीच-बचाव के लिए पहुंची, लेकिन आरोप है कि उसके साथ भी मारपीट की गई। शिकायत में कहा गया है कि इसके बाद वीरदीन का बेटा यशपाल, भतीजा हैदर अली, जतिंद्र कौर, सुनील तथा किरायेदार रवि और सोनू भी मौके पर पहुंचे और सभी ने मिलकर दोनों के साथ हाथापाई की।
घटना में मोहम्मद अली और सीमा देवी घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुलैहड़ पहुंचाया गया। डीएसपी हरोली मोहन रावत ने बताया कि पुलिस ने शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर वीरदीन, यशपाल, हैदर अली, जतिन्दर कौर, सुनील, रवि और सोनू के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।








