दिल्ली। राजधानी दिल्ली के दक्षिण पूर्वी जिले के निज़ामुद्दीन में पार्किंग विवाद के चलते आसिफ कुरैशी की हत्या कर दी गई। बता दें आसिफ कुरैशी बॉलीवुड अभिनेत्री हुमा कुरैशी के चचेरे भाई हैं। बताया जा रहा है कि पार्किंग को लेकर विवाद हुआ था और बदमाशों ने हुमा के चचेरे भाई पर हमला कर दिया। इससे उनकी मौत हो गई है। मामला जंगपुरा भोगल बाजार लेन का है।
पुलिस ने बताया कि, रात में आसिफ कुरैशी और कुछ लोगों के बीच झगड़ा हुआ था। आसिफ ने आरोपियों को घर के गेट के बाहर स्कूटर पार्क न करने को कहा था, लेकिन लोग नहीं माने, जिसके बाद बहस शुरू हो गई। इसी तनातनी में आरोपियों ने आसिफ पर किसी नुकीली चीज़ से हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया। हमले में आसिफ कुरैशी बुरी तरह घायल हो गया। उसका काफी खून बह गया था। उसे गंभीर हालत में तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आसिफ की पत्नी और परिजनों का कहना है कि आरोपियों ने मामूली बात पर बेरहमी से उसकी हत्या कर दी। जब मेरे पति काम से घर लौटे तो घर के सामने पड़ोसी की स्कूटी खड़ी थी, जिसपर उन्होंने पड़ोसी से हटाने को कहा। लेकिन पड़ोसी ने स्कूटी हटाने के बजाय उन्हें गालियां देनी शुरू कर दीं और किसी नुकीली चीज़ से उनकी हत्या कर दी।
वहीं पुलिस ने बताया कि हत्या के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है। वहीं, आसिफ के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।