कांगड़ा। नगरोटा बगवां पुलिस ने शादी के नाम पर युवकों को ठगने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। गिरोह की तीन महिलाओं सहित दो पुरुषों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। यह गिरोह पंजाब से ऑपरेट होता था और खासतौर पर उन युवकों को निशाना बनाता था जिन्हें रिश्ते नहीं मिल रहे थे और शादी नहीं हो रही होती है।
शादी के 20 दिन बाद गायब हो गई थी दुल्हन
मामला नगरोटा बगवां की पटियालकड़ पंचायत से सामने आया हैं यहां एक परिवार ने शिकायत दर्ज कराई कि उन्होंने मैरिज ब्यूरो के जरिए अपने बेटे की शादी अगस्त में पंजाब की एक युवती से करवाई थी। शादी के महज 20 दिन बाद ही दुल्हन परिवार के लगभग 10 तोले सोने के जेवरात समेटकर फरार हो गई। ठगी का एहसास होते ही परिवार ने तुरंत उसी मैरिज ब्यूरो से दोबारा संपर्क किया।
इसी बीच जब गिरोह की तीन महिलाएं एक और लड़के से उसकी शादी करवाने के लिए सुजानपुर पहुंचीं, तो परिवार ने तीनों महिलाओं को दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला और एक पुरुष हिमाचल का रहने वाला है। मामले में कुल पांच लोगों की गिरफ्तारी हुई है।
तीन पंजाब व दो आरोपित कांगड़ा के
पांच आरोपितों में तीन पंजाब के तो दो आरोपित जिला कांगड़ा के हैं। गिरफ्तार आरोपितों में 40 वर्षीय राजप्रीत कौर पत्नी कुलविंदर सिंह निवासी गांव रजापुर पती डाकघर नूरपुर तहसील जिला लुधियाना पंजाब, 30 वर्षीय रेनू पुत्री इंद्रजीत सिंह निवासी गांव बाबा बुड्ढा साहिब गली नंबर 11 डकोआ समा मंडी, जालंधर पंजाब, 39 वर्षीय आरती पत्नी जगदीश कुमार निवासी गांव रिहालपुरा डाक व तहसील जिला कांगड़ा, 35 वर्षीय बलवंत सिंह पुत्र मेजर सिंह गांव बड़ेतच डा. सुईयापुर तहसील रायकोट जिला लुधियाना, पंजाब व 43 वर्षीय प्रदीप कुमार पुत्र अमर सिंह निवासी कलेड तहसील नगरोटा बगवां, जिला कांगड़ा गिरफ्तार हैं।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में इस तरह ठगी का शिकार हुए तीन व्यक्ति पुलिस के सामने आए हैं। उन्होंने लिखित शिकायत में कहा है कि ये गिरोह यहां के लड़कों की पंजाब की लड़कियों से शादियां करवाने का झांसा देता था और कुछ दिन बाद लड़कियां घर से गहने आदि लेकर फरार हो जाती थीं। वारदात को अंजाम देने के लिए एक बिचौलिया भी है, जो शादी करवाने के दो लाख रुपये लेता था। इसमें से वह एक लाख रुपये पंजाब के कथित मैरिज ब्यूरो वालों को देता था।
गिरोह बड़ा होने की आशंका
डीएसपी अंकित शर्मा ने बताया कि शुरुआती जांच में यह मामला किसी बड़े नेटवर्क की ओर इशारा कर रहा है। पुलिस ने गिरोह के अन्य सदस्यों को पकड़ने के लिए विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि शादी जैसे महत्वपूर्ण फैसलों में जल्दबाज़ी न करें। मैरिज ब्यूरो या बिचौलियों की विश्वसनीयता की पूरी जांच-पड़ताल करें और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।
इस पूरे मामले ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि धोखाधड़ी के गिरोह समाज में नई-नई चालें चलकर लोगों को ठगने की कोशिश करते रहते हैं। फर्जी शादी जैसे संवेदनशील मुद्दे को भी अपराधियों ने कमाई का साधन बना लिया, जिसमें लुटेरी दुल्हन से लेकर पूरे नेटवर्क की भूमिका सामने आई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और पांच आरोपियों की गिरफ्तारी ने न केवल एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है, बल्कि उन लोगों को भी चेतावनी दी है जो ऐसे लालच में फंस सकते हैं।
यह घटना बताती है कि किसी भी रिश्ते या शादी के नाम पर बिना जांच–परख के कदम उठाना जोखिम भरा हो सकता है। समाज और प्रशासन दोनों को मिलकर ऐसे अपराधों के खिलाफ सख़्ती और सतर्कता बरतने की जरूरत है, ताकि कोई भी परिवार ठगी का शिकार न बने।