हमीरपुर। हमीरपुर जिला के बड़सर क्षेत्र से एक बेहद गंभीर और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां रिश्तों की मर्यादा को तार-तार करते हुए एक युवक ने अपनी ही रिश्तेदारी में नाबालिग लड़की के साथ कई बार जबरन शारीरिक संबंध बनाए। मामला महिला पुलिस थाना हमीरपुर में दर्ज किया गया है।

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार 14 वर्षीय पीड़िता, जो दसवीं कक्षा की छात्रा है, ने अपनी माता के साथ थाने पहुंचकर आरोप लगाया कि उसकी बड़ी बहन की शादी के दौरान फरवरी माह में बुआ के बेटे ने उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबध बनाए। इसी दौरान आरोपी ने पहले घर में और फिर बाद में अलग-अलग स्थानों सरकारी स्कूल बड़सर के पास, बंगाणा क्षेत्र और जंगल में उसे धमकाकर कई बार दुष्कर्म किया।
पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने उसे जान से मारने और उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी, जिसके डर से वह लंबे समय तक चुप रही। आरोपी ने उसे एक मोबाइल फोन भी दिया था और लगातार संपर्क में रहता था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में पोस्को एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
आरोपी की जल्द होगी गिरफ्तारी
पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करवा लिया है और आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। खबर लिखे जाने तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका था लेकिन पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है और जल्द आरोपी को गिरफ्तार किया जा सकता है।
महिला थाना हमीरपुर में एक पोस्को एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ है। नाबालिग की शिकायत पर दर्ज हुए इस मामले की जांच की जा रही है। पीड़िता का मेडिकल करवाया गया है जल्द ही आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।-राजेश कुमार, एएसपी, हमीरपुर।







