बस से नीचे उतरते समय पेश आया हादसा, मामला दर्ज
हरोली। पुलिस थाना हरोली के तहत भदसाली में निजी बस की चपेट में आने से करीब 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई है। मृतक व्यक्ति की पहचान विश्व सिंह पुत्र चौकस राम निवासी भदसाली के रूप में हुई है, जो कि जालंधर से अपने घर लौट रहा था। हरोली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही मामला दर्ज कर जांच को आगे बढ़ाया है।

बता दें कि विश्व सिंह जालंधर में हलवाई का काम करता है। बुधवार सुबह कुछ समय बाद अपने घर भदसाली लौट रहा था। इसके लिए जालंधर से पंजाब की निजी बस ली। भदसाली पहुंचने पर बस से नीचे उतरते समय अचानक असंतुलित हो गया। जिसके चलते विश्व सिंह बस की चपेट में आ गए। हादसे में घायल व्यक्ति को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना लाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
डीएसपी हरोली मोहन रावत ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







