बड़सर। उपमंडल बड़सर में आर्मी कैंटीन के समीप एक बस और कार के बीच टक्कर हो गई। गनीमत यह रही कि हादसे में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई और बड़ा हादसा टल गया। हालांकि टक्कर के कारण दोनों वाहनों को मामूली नुकसान पहुंचा है।

जानकारी के अनुसार पंजाब के दोआबा क्षेत्र से तीर्थ यात्रियों को लेकर आई बस बाबा बालक नाथ के तीर्थ स्थल दियोटसिद्ध में दर्शन करने के बाद वापस पंजाब की ओर लौट रही थी। सुबह करीब बस जैसे ही बड़सर में आर्मी कैंटीन के पास पहुंची, उसी दौरान एक ऑल्टो कार चालक अपनी गाड़ी को मोड़ रहा था। इसी बीच कार बस के बीच वाले हिस्से से टकरा गई। टक्कर के बाद कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और राहगीरों की भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना मिलते ही बड़सर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच मामला सुलझा लिया गया, जिसके बाद बस यात्रियों को लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गई।








