रायसेन : मध्य प्रदेश में रायसेन से करीब पांच किलोमीटर दूर एक निजी बस अनियंत्रित होकर उफनती नदी में गिर गई जिससे एक बच्चे सहित सात यात्रियों की मौत हो गई और 35 घायल हो गए। घायलों में 19 की हालत गंभीर है।
रायसेन जिला पुलिस अधीक्षक मोनिका शुक्ला ने भाषा को बताया, यह हादसा बुधवार को देर रात करीब डेढ़ बजे हुआ। इस हादसे में अब तक सात लोगों की मौत हो गई है। उन्होंने कहा कि रात में पांच शव मिले थे जबकि आज सुबह एक और शव नदी में मिला। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति की हमीदिया अस्पताल भोपाल में सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई।
मोनिका ने बताया कि मृतकों में से छह की पहचान रवि बंसल (22), मोहम्मद अनवर (29), मोहम्मद उजेफा (24), सागर बीएल मालवीय (45), आशीष सोनी (35) एवं दीपक बंसल (एक वर्ष) के रूप में की गई है। एक शव की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। उन्होंने बताया कि इस हादसे में 35 लोग घायल भी हुए हैं जिनमें से 19 की हालत गंभीर है और 16 लोगों को मामूली चोटें आई हैं। गंभीर रूप से घायल 19 लोगों में से 11 को भोपाल के हमीदिया अस्पताल रेफर किया गया है जबकि 8 को जिला चिकित्सालय रायसेन में भर्ती कराया गया है। मामूली रूप से घायल लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
उन्होंने कहा कि बस इंदौर से छतरपुर जा रही थी। उन्होंने कहा, घटना की जानकारी मिलते ही मैं रायसेन जिले के कलेक्टर उमाशंकर भार्गव के साथ बचाव कार्य की निगरानी के लिए घटनास्थल पर पहुंची। क्रेन की मदद से बस को नदी से बाहर निकालने के प्रयास जारी हैं। कलेक्टर भार्गव ने कहा कि बस संभवत: तेज गति से जा रही थी और चालक के बस पर से नियंत्रण खो देने के बाद वह पुल की दीवार तोड़ते हुए करीब 50 फुट नीचे नदी में जा गिरी। उन्होंने कहा कि मूसलाधार बारिश के चलते रीछन नदी उफान पर है।
इसी बीच मुख्यमंत्री कमलनाथ ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते ट्वीट किया, प्रशासन के अधिकारियों ने तत्काल मौक़े पर पहुँचकर स्थानीय लोगों की मदद से कई लोगों की जान बचाई। उन्होंने कहा कि इस घटना में मृतकों के परिवारों के लिए चार-चार लाख रुपए व घायलों के लिए हरसंभव आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा, कलेक्टर भार्गव द्वारा तत्काल सहायता के रुप में सभी घायलों को 10-10 हजार रूपए की राशि दी गई है।