पीएम के लिए धन्यवाद पत्र लिखवाएंगे, पत्रक बांटेंगे
हिमाचल दस्तक ब्यूरो। शिमला : स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर 12 जनवरी को भाजपा प्रदेश के सभी 7723 बूथों पर एक साथ बैठक के माध्यम से नागरिकता संशोधन अधिनियम को लेकर लोगों को जानकारी देगी। इस अभियान में नागरिकता संशोधन अधिनियम के समर्थन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम धन्यवाद पत्र लिखे जाएंगे।
टोल फ्री नंबर 88662 88662 पर मिस्ड कॉल करवाई जाएगी। हर बूथ पर अधिनियम से जुड़ी जानकारी के पत्रक भी बांटे जाएंगे। यह जानकारी देते हुए भााजपा प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कहा कि नागरिकता संशोधन अधिनियम 2019 से शरणार्थियों के लिए भारत की नागरिकता लेने का रास्ता साफ हो गया है। केंद्र सरकार के इस ऐतिहासिक निर्णय की पूरे देश में प्रशंसा हो रही है। केवल कुछ राजनीतिक दल एवं मुट्ठी भर लोग इस अधिनियम की गलत व्याख्या कर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।
जो राजनीतिक पार्टियां आज इस अधिनियम का विरोध कर रही हैं, वह पूर्व में इस अधिनियम का समर्थन करती रही हैं। अब सिर्फ राजनीतिक द्वेष की भावना के कारण इस अधिनियम का विरोध कर रही हैं। सत्ती ने कहा कि विपक्षी दलों द्वारा इस अधिनियम को लेकर फैलाई जा रही भ्रांतियों को दूर करने व लोगों को इस एक्ट की जानकारी देने के लिए जनजागरण अभियान शुरू किया है।
यह अभियान प्रदेश में 5 से 15 जनवरी तक चलेगा। ड्ढद्य जनजागरण अभियान के तहत स्वामी विवेकानंद जी की जयंती के अवसर पर 12 जनवरी को प्रदेश के सभी 7723 बूथों पर एक साथ बैठक के माध्यम से नागरिकता संशोधन अधिनियम को लेकर लोगों को जानकारी दी जाएगी। बूथ बैठकों में प्रदेश भाजपा सरकार की 2 साल की उपलब्धियों को लेकर भी चर्चा की जाएगी।