ललित ठाकुर। पधर
पधर पुलिस ने क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों के तहत निजी और सार्वजनिक स्थानों में प्राकृतिक रूप से लहलहा रही भांग की पौध के खात्मे को लेकर अभियान शुरू कर दिया है। इसमें विभिन्न महिला मंडलों और स्वयंसेवी संस्थाओं का सहयोग लिया जा रहा है।
पंचायतों में ऐसे स्थान जहां भांग की पौध लहलहा रही है, उसकी निशानदेही पंचायत प्रतिनिधियों से ली जा रही है। इसी कड़ी में बुधवार को उपमंडल की ग्राम पंचायत उरला में सार्वजनिक क्षेत्र में लहलहा रही भांग की पौध का खात्मा किया गया।
इसमें पधर पुलिस कांस्टेबल सहित महिला मंडल उरला की महिलाओं ने सहयोग दिया। इसमें पंचायत उपप्रधान पूर्ण चंद, महिला मंडल प्रधान मीना शर्मा और सचिव वीणा शर्मा सहित अन्य महिलाओं ने अपना सहयोग दिया।
थाना प्रभारी यशवंत सिंह ने कहा कि नशे की अवैध खेती का समूल नाश करने के साथ साथ प्राकृतिक रूप से उगी भांग की खेती को खत्म करने के लिए भी अभियान शुरू किया गया है। इसमें आम जनमानस का सहयोग लिया जा रहा है।