शिमला, 12 नवंबर। जिला शिमला के ठियोग विधानसभा क्षेत्र में बुधवार सुबह एक सड़क दुर्घटना में दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा ठियोग के संधू के नजदीक मंदिर के पास हुआ, जहां एक कार (नंबर HP 09B 3274) अनियंत्रित होकर गहरी खाई में लुढ़क गई।
कार में सवार दोनों युवकों की पहचान राहुल और लोकेन्द्र के रूप में हुई है, जो गांव कथोग के रहने वाले हैं। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल ठियोग पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया।
दुर्घटना में कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। हालांकि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई, लेकिन दोनों घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है। ठियोग पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।