कांगड़ा। विश्व प्रसिद्ध पैराग्लाइडिंग स्थल बीड़ बिलिंग घाटी में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया, जहां दो युवकों की माैत हो गई। इस दुर्घटना से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। हादसे में दो अन्य घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार घटना सोमवार देर रात 12 बजे के आसपास की है। कार में चार युवक सवार थे। इस बीच पैराग्लाइडिंग टेक ऑफ साइट के समीप कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को जानकारी दी। पुलिस के अनुसार अक्षय कुमार पुत्र देश राज निवासी एहजू ने रात करीब 1बजे सुचना दी कि गाडी HP37H2517 बिलिंग घाटी में सड़क से निचे गिर गयी है।
सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। रात के अंधेरे में टीमों ने कड़ी मशक्कत से रेस्क्यू अभियान चलाते हुए घायलों को खाई से बाहर निकाला और उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने 2 युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि 2 की हालत गंभीर बनी हुई है।
कार में कुल 4 व्यक्ति अक्षय कुमार(27) पुत्र देश राज शर्मा निवासी गांव व डाकघर ऐहजू तहसील जोगिन्द्रनगर, मोहित शर्मा (29)पुत्र घनश्याम शर्मा गांव व डाकघर घाड़ घामा पंचरुखी तहसील पालमपुर, नवीन चन्द (36)पुत्र प्रितम चन्द गांव मालणू तहसील पालमपुर, राजीव ठाकुर (31) पुत्र सुख राम ठाकुर गांव खाल टिव्वा डाकघर सलोआ तहसील नैना दैवी जिला बिलासपुर को घायल अवस्था में पाए गये जिन्हे पुलिस की गाडी व एम्बुलैंस में उपचार के लिए नागरिक अस्पताल बैजनाथ पहुँचाया गया जहाँ पर डॉक्टर ने जांच करने पर नवीन चन्द पुत्र प्रितम चन्द गांव मालणू तहसील पालमपुर व राजीव ठाकुर पुत्र सुख राम ठाकुर गांव खाल टिव्वा डाकघर सलोआ तहसील नैना दैवी जिला बिलासपुर को मृत घोषित कर दिया है व अक्षय कुमार व मोहित शर्मा को आगामी उपचार के लिए टांडा रैफर कर दिया है। इस हादसे को लेकर पुलिस गहनता से जांच कर रही है।
वहीं थाना प्रभारी बीड इंस्पेक्टर आदर्श ने इस दुर्घटना कि पुष्टि करते हुए कि बताया कि मृतकों का पोस्टमार्टम करवाकर शवों को परिजनों को सौंप दिया गया है तथा इस घटना की नियमानुसार कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।