स्कूल शिक्षा निदेशालय ने 906 पदों का प्रस्ताव तैयार कर सरकार को भेेजा
शिमला। प्रदेश के सीबीएसई स्कूलों में क्लास वन से लेकर क्लास फोर की बंपर भर्तिया होने वाली हैं। इन स्कूलों में 453 पार्टटाइम मल्टीटास्क वर्कर्स के पदों पर सरकार भर्ती करेगी। इसके लिए स्कूल शिक्षा निदेशालय ने प्रस्ताव तैयार कर सरकार को भेज दिया है। कुल मिलाकर इन स्कूलों में शिक्षक व अन्य क्लास फोर के कुल 906 पदों को भरने की मंजूरी सरकार से मांगी गई है। इसमें स्पेशल एजुकेटर के 151, योगा टीचर 151, कैटरिंग सुपरवाइजर 151, आया 151, चौकीदार 151, स्वीपर 151, पार्ट टाइम मल्टीटास्क वर्कर्स के 453 पदों पर सरकार भर्ती करेगी।

सीबीएसई स्कूलों में मल्टीपल स्टाफ रहेगा तैनात
जानकारी के अनुसार सीबीएसई स्कूलों में मल्टीपल स्टाफ तैनात रहेगा। जिसमें सुबह व शाम दो-दो चौकीदार तैनात रहेंगे। इसके अलावा छात्रों को दोपहर के समय अच्छा खाना मिले इसके लिए भी कैटरिंग सुपरवाइजर भी होंगे, जो सीबीएसई स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों के खाने पीने की व्यवस्था करेंगे। सीबीएसई स्कूलों में दिव्यांग व अन्य छात्रों की पढ़ाई के लिए स्पेशल एजुकेटर के पदों को इसी साल सरकार भरेगी, ताकि सीबीएसई स्कूलों में छात्रों को किसी भी प्रकार की कोई समस्या आड़े नहीं आए। इसके अलावा स्कूल शिक्षा निदेशालय ने 3468 शिक्षकों के पदों पर भर्ती शुरू कर दी है। राज्य चयन आयोग के माध्यम से 3 हजार 468 शिक्षकों के पदों पर 10 माह के लिए शिक्षकों की भर्ती होगा। इन शिक्षकों को 30 हजार मानदेय दिया जाएगा।
एक विषय पर होंगे दो-दो शिक्षक
बताया जा रहा है कि सीबीएसई स्कूलों में 800 पद अंग्रेजी और मैथ्स के भरे जा रहे है। ताकि छात्रों को अंग्रेजी और मैथेमेटिक्स में किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत न आए। दरअसल इसी सत्र से सरकार ने सीबीएसई बोर्ड कई स्कूलों में कर दिया है। कहा जा रहा है कि सीबीएसई स्कूलों में एक विषय के दो-दो शिक्षक छात्रों को दिए जाएंगे। ताकि कोई शिक्षक छुट्टी पर जाते है, तो दूसरा उपलब्ध हो। इसके अलावा शिफ्टिंग में चलने वाले स्कूलों को लेकर भी सरकार डबल शिक्षकों के पदों पर नियुक्ति करेगी।
मैरिट के आधार पर होगी शिक्षकों की नियुक्ति
नर्सरी केजी में पढ़ने वाले छात्रों के लिए सीबीएसई स्कूलों में आया होगी। जोकि स्कूल समय तक छोटे बच्चों के साथ ही रहेगी। फिलहाल सीबीएसई स्कूलों में विभिन्न वर्गों में नियुक्तियां इसी साल होनी है। बड़ी बात यह है कि इसमें हर वर्ग के युवाओं को सरकारी नौकरी करने का अवसर मिलेगा। हालांकि सीबीएसई स्कूलों में शिक्षकों से लेकर गैर शिक्षकों की नियुक्ति मैरिट के आधार पर होगी।








