13 अप्रैल से शुरू होंगे ऑनलाइन आवेदन
हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग ने शिक्षा विभाग में शिक्षकों की भर्ती के लिए विस्तृत विज्ञापन जारी किया है। सीबीएसई संबद्ध स्कूलों में योजना आधारित आधार पर विभिन्न विषयों के कुल 390 पद भरे जाएंगे। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 13 अप्रैल 2026 सुबह 10:00 बजे से 4 मई 2026 रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आयोग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, यह भर्ती जीवविज्ञान (पोस्ट कोड 26017), रसायन (26018), भौतिकी (26019) और वाणिज्य (26020) विषयों के लिए की जा रही है। जीवविज्ञान, रसायन और भौतिकी के लिए 78-78 पद निर्धारित किए गए हैं, जबकि वाणिज्य विषय के लिए 156 पद रखे गए हैं। इस प्रकार कुल पदों की संख्या 390 है।

फिक्स मानदेय किया जाएगा प्रदान
इन पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को 30,000 रुपये प्रतिमाह का फिक्स मानदेय प्रदान किया जाएगा। भर्ती योजना आधारित होगी और नियुक्ति शर्तें विभाग द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार लागू होंगी। वर्गवार पदों में सामान्य (क्र), आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, अनुसूचित जाति (स्ष्ट), अन्य पिछड़ा वर्ग तथा अनुसूचित जनजाति के साथ-साथ बीपीएल और स्वतंत्रता सेनानी आश्रित श्रेणियों के लिए भी आरक्षण का प्रावधान रखा गया है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि आरक्षण नियमों का पालन राज्य सरकार की नीति के अनुरूप किया जाएगा।
आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह होगी ऑनलाइन
आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी और केवल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। किसी भी अन्य माध्यम से प्राप्त आवेदन पत्रों को सीधे निरस्त कर दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले विस्तृत विज्ञापन में दिए गए पात्रता मानदंड, शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आवेदन शुल्क तथा चयन प्रक्रिया से संबंधित सभी निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी गई है।
भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करते हुए समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करें, ताकि किसी प्रकार की तकनीकी समस्या से बचा जा सके।-डॉ. विक्रम महाजन, आयोग सचिव।









