कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में ईंटों के बाद अब सीमेंट और सरिया भी महंगा हो गया है। कंपनियों ने सीमेंट के दाम में 15 रुपये प्रति बैग की बढ़ोतरी की है। इसके अलावा सरिये के दाम में करीब 20 दिनों में 1,000 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी हुई हैं। लागू हुए सीमेंट के नए रेट के बाद घर बनाना और महंगा हो गया है।

ये होंगे सीमेंट के दाम
दाम बढ़ने के बाद अब एसीसी सुरक्षा सीमेंट 395 रुपये से बढ़कर 410 रुपये प्रति बैग हो गया है। एसीसी गोल्ड सीमेंट 435 से 450 रुपये, जंग रोधक सीमेंट 380 से बढ़कर 395 रुपये प्रति बैग हो गया है। अंबुजा सीमेंट 400 रुपये प्रति बैग बिकने वाला सीमेंट अब 415 रुपये में मिलेगा। बांगड़ सीमेंट की कीमत 385 से 400 रुपये हो गई है। अल्ट्राटेक पहले 390 रुपये में मिलने वाला सीमेंट अब 405 रुपये प्रति बैग हो गया है।





