-
नागरिकता संशोधन बिल को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष राठौर ने साधा निशाना
-
उपायुक्त कार्यालय के समक्ष विरोध रैली के जरिये जताया एतराज
-
कहा, इसके लागू होने से कट्टरवाद व संकीर्ण मानसिकता बढ़ेगी
हिमाचल दस्तक ब्यूरो। शिमला : कांग्रेस ने लोकसभा में पारित नागरिकता संशोधन बिल का कड़ा एतराज जताते हुए इसके विरोध में उपायुक्त कार्यालय के समक्ष एक विरोध रैली का आयोजन किया। कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने इस बिल के प्रावधानों पर चिंता व्यक्त करते हुए इसे देश की एकता और अखंडता के लिए गंभीर खतरा बताया। उन्होंने कहा कि इसके लागू होने से देश में कट्टरवाद और संकीर्ण मानसिकता बढ़ेगी।
उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार देश को धर्म के आधार पर बांटने का प्रयास कर रही है। राठौर ने कहा कि भाजपा देश में संविधान की धारा-14 की मूल भावना से छेड़छाड़ कर अपने एजेंडे पर काम कर रही है। इस धारा के अंतर्गत पहले भी 8 बार इसमें संशोधन हुए, पर किसी ने एतराज नहीं किया। पहली बार जिस तरह देश में भय का माहौल बना है और पूर्वोत्तर के राज्यों में जैसा आक्रोश फैला हुआ है, वह चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि यह भारत के संविधान में देश की समानता, न्याय और आजादी के खिलाफ है जो देश की धर्मनिरपेक्षता पर भी सीधा प्रहार है जिसे कभी सहन नहीं किया जा सकता।
राठौर ने कहा कि भाजपा देश को बांटने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि एक सोची-समझी साजिश के तहत भाजपा देश के जटिल मुद्दों, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और बिगड़ती कानून-व्यवस्था से लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश में है। इस अवसर पर उनके साथ महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनव चंदेल, हरि कृष्ण हिमराल, सोनिया चौहान, राजकुमारी सोनी, शशि ठाकुर, शिमला व्यापार मंडल अध्यक्ष इंद्र सिंह, पार्षद राकेश चौहान, जितेंद्र चौधरी, आंनद कौशल, दिवाकर देव, संजीव कुठयाल, मंगा, आत्मा राम, नरेंद्र ठाकुर उपस्थित रहे।
इनके अलावा डॉ. डीएस धीमान, राजेंद्र वर्मा, यशवंत छाजटा, चंद्र शेखर, अमित नंदा, आकाश सेनी, विनोद जिंटा, प्रभा वर्मा, तनु चौहान, शशि बहल, विनीता वर्मा, विनी शर्मा, सरिता चंदेल, कृष्णा जरयाल, ऊषा मेहता, कमला वर्मा, रीता चौहान, लक्की निर्मोही, यशपाल तनाईक, सेन राम नेगी, धर्मेंद्र धामी के अतिरिक्त महिला कांग्रेस, सेवादल, युवा कांग्रेस व प्रदेश कांग्रेस के कई अन्य नेता व कार्यकर्ता भी मौजूद थे।
डराने-धमकाने का प्रयास कर रहे अमित शाह
राठौर ने गृह मंत्री अमित शाह पर आरोप लगाया कि वह संसद के अंदर और बाहर विपक्षी नेताओं को डराने और धमकाने का प्रयास कर रहे हैं, पर विपक्ष उनकी धमकियों से डरने वाला नहीं है।
भाजपा के खिलाफ शुरू करेंगे बड़ा जन आंदोलन
राठौर ने कहा कि कांग्रेस देश में भाजपा के खिलाफ एक बड़ा आंदोलन शुरू करने जा रही है। 14 दिसंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी इसका शुभारंभ करेंगी, जो बाद में पूरे देश में व प्रदेश में चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की हर जनविरोधी नीतियों का मुकाबला कर उन्हें वापस लेने पर मजबूर किया जाएगा। उन्होंने आम लोगों का आह्वान किया कि वे देश व प्रदेश हित में एकजुट होकर उनका साथ दें।