पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज में स्थानीय व्यापार मंडल द्वारा निर्जला एकादशी पर्व के उपलक्ष्य में छबील लगाई गई। मैक्लोडगंज के मुख्य चौक पर लगाई गई छबील में स्थानीय लोगों सहित पर्यटकों ने भी मीठे पानी का आनंद लिया। व्यापार मंडल के अध्यक्ष नरेंद्र का कहना था कि दो साल कोविड-19 की वजह से व्यापार मंडल छबील नहीं लगा सका था, लेकिन इस वर्ष मामले कम हुए हैं तथा गतिविधियां शुरू हो चुकी हैं तो व्यापार मंडल द्वारा भी निर्जला एकादशी पर छबील लगाई गई। उन्होंने कहा कि छबील में स्थानीय व्यापारियों का भी भरपूर सहयोग मिला। व्यापार मंडल द्वारा विभिन्न पर्वों पर कई आयोजन किए जाते हैं तथा निर्जल एकादशी पर छबील लगाने का कार्यक्रम भी उसी कड़ी में आयोजित किया गया।