चंबा । चंबा जिले में सोमवार को दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार पर पहाड़ी से भारी चट्टान गिरने की घटना सामने आई है। इस हादसे में 14 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि अन्य लोग घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक घटना जिले के भरमौर उपमंडल के ढकोग-बणी मार्ग का है। कार में कुल पांच लोग सवार थे और वह धर्मशाला के नड्डी क्षेत्र से बन्नी माता मंदिर में माथा टेकने के लिए आए थे। बताया जा रहा है कि सोमवार को श्रद्धालु बन्नी माता के दर्शन के बाद धर्मशाला लौट रहे थे, तभी ढकोग-बणी मार्ग पर उनकी कार पर पहाड़ी से अचानक एक भारी-भरकम चट्टान आ गिरी, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और वाहन के भीतर बैठी एक 14 वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।
स्थानीय लोगों की मदद से बच्ची को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मामले की आगामी कार्रवाई की जा रही है।








