चंबा। चुराह में युवक की हत्या से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने चक्का जाम किया। जानकारी के अनुसार चंबा-तीसा मुख्य मार्ग पर स्थित कल्हेल पुल के नीचे रविवार सुबह एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। मृतक की पहचान हरविंद्र सिंह (25) पुत्र ऋषि सिंह निवासी गांव राख मलोगा, डाकघर कल्हेल, तहसील चुराह, जिला चंबा के रूप में हुई।

शव की पहचान होने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर चंबा-तीसा मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। थाना प्रभारी तीसा अशोक कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत की। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि पुलिस निष्पक्ष जांच करेगी।
इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई अल्टो कार (एचपी-44-4861) को भी कब्जे में ले लिया है। वाहन को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है, जबकि फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने का कार्य भी शुरू कर दिया है।
मामले की जांच जारी है तथा सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है। हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और फोरेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।-अशोक कुमार चौधरी, थाना प्रभारी।







