चंबा। चुराह उपमंडल के आयल क्षेत्र में पंचायत चुनाव की रंजिश को लेकर दो घरों में आगजनी का मामला सामने आया है। पुलिस की मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई के चलते स्थिति को नियंत्रित रखा गया और किसी बड़े विवाद को फैलने से रोक दिया गया।

जानकारी अनुसार मंगलवार रात करीब 9:13 बजे थाना तीसा को सूचना मिली कि आयल गांव में आगजनी की घटना हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले में बखतू खान निवासी सरोगा डाकघर आयल के बयान के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि वह दिनभर जंगल में जड़ी-बूटी खोजने गया हुआ था और शाम को अपने नए घर लाहरूड़ी लौट आया था।
शिकायतकर्ता के अनुसार भीड़ को देखकर वह डर के कारण घर के समीप छिप गया। आरोप है कि इसके बाद लोगों ने उसके घर पर पथराव किया और फिर उसके घर को आग के हवाले कर दिया। शिकायत में कुल 11 लोगों के नाम शामिल किए गए हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार पंचायत चुनाव के दौरान उसे और उसके परिवार को कथित रूप से एक पक्ष विशेष के समर्थन में मतदान करने के लिए धमकियां दी गई थीं और उसी रंजिश के चलते यह घटना हुई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2), 190, 326 (जी) और 352 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि मामले की जांच जारी है तथा पुलिस विभिन्न पहलुओं से साक्ष्य एकत्र कर रही है।








