चंबा। रावी नदी में छह वर्षीय बच्चे के लापता होने के मामले में पुलिस जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। बच्चे के पिता हितेश कुमार ने पूछताछ में कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसने गुस्से में आकर अपने बेटे को परेल पुल के पास रावी नदी में फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपी के क्वार्टर से एक डायरी भी बरामद की है, जिसमें उसने घटना के बाद कथित तौर पर अपने किए का जिक्र किया था। अदालत ने आरोपी को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

पत्नी की बात से गुस्से में आया आरोपी
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि फोन पर पत्नी से उसका विवाद हो रहा था। पत्नी कथित तौर पर दूसरे बेटे को भी अपने साथ मायके ले जाने की बात कह रही थी। इसी बात को लेकर वह गुस्से में आ गया। आरोप है कि इसके बाद वह अपने छह वर्षीय बेटे को लेकर परेल पुल के पास पहुंचा और बच्चे को रावी नदी में फेंक दिया। घटना के बाद उसने पत्नी को फोन कर इसकी जानकारी भी दी।
आरोपी ने खुद नदी में कूदने की भी कोशिश की
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि बच्चे को नदी में फेंकने के बाद उसने खुद भी नदी में छलांग लगाने की कोशिश की, लेकिन वह ऐसा करने की हिम्मत नहीं जुटा सका। इसके बाद वह अपने क्वार्टर लौट गया। वहां उसने अपनी डायरी में कथित तौर पर लिखा कि उसने अपने बेटे को नदी में फेंक दिया है। अगली सुबह भी आरोपी कथित तौर पर उसी स्थान पर पहुंचा और नदी में छलांग लगाने का प्रयास किया, लेकिन दूसरी बार भी ऐसा नहीं कर सका। इसके बाद उसने अपनी बहन को फोन कर घटना की जानकारी दी और कहा कि उससे बहुत बड़ी गलती हो गई।
डायरी और कॉल डिटेल पुलिस के लिए अहम सबूत
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के फोन की कॉल डिटेल खंगाली है। साथ ही उसके क्वार्टर से डायरी भी बरामद की गई है। बुधवार को फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल और आरोपी के क्वार्टर का निरीक्षण किया। पुलिस अब बरामद साक्ष्यों और आरोपी के बयानों को आपस में जोड़कर मामले की पूरी कड़ियां खंगाल रही है। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि आरोपी ने स्वयं पुलिस को बताया है कि बच्चे को नदी में फेंकने के बाद उसने दो बार नदी में छलांग लगाने की कोशिश की, लेकिन वह ऐसा नहीं कर पाया। इसके बाद उसने पुलिस को घटना की जानकारी देने का फैसला किया।
रावी नदी में बच्चे की तलाश जारी
घटना के बाद छह वर्षीय बच्चे की तलाश के लिए पुलिस, एनडीआरएफ और स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन चलाया। रावी नदी का जलस्तर बढ़ा होने और तेज बहाव के कारण बचाव दल को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। टीमों ने नदी के किनारे और संभावित स्थानों पर बच्चे की तलाश की, लेकिन देर शाम तक कोई सुराग नहीं मिल सका। अंधेरा होने के कारण अभियान रोकना पड़ा। मौसम और नदी की स्थिति अनुकूल रहने पर गुरुवार सुबह दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू करने की तैयारी है।
आरोपी तीन दिन की पुलिस रिमांड पर
छह वर्षीय बेटे को रावी नदी में धक्का देने के आरोपी हितेश कुमार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी हितेश कुमार पुत्र जयपाल निवासी गांव डभूंई, डाकघर कियाणी पर आरोप है कि उसने सोमवार रात अपने छह वर्षीय बेटे को परेल पुल से रावी नदी में धक्का दिया। रिमांड के दौरान पुलिस घटना के कारण, घटनाक्रम और उससे जुड़े अन्य पहलुओं पर आरोपी से गहन पूछताछ करेगी।








