भरमौर पहुंचने के लिए 26 किमी का करना पड़ेगा अतिरिक्त सफर
चंबा। रावी नदी पर निर्माणाधीन सिंयूर पुल मंगलवार सुबह 8:00 बजे के करीब भूस्खलन की भेंट चढ़ गया। गनीमत, ये रही कि पहाड़ी दरकने के समय वहां पर कोई नहीं था। होली से भरमौर पहुंचने के लिए ये सुगम रास्ते पर बन रहे पुल के क्षतिग्रस्त होने से लोनिवि को लाखों की चपत लगी है। वहीं लोगों को अब भरमौर पहुंचने के लिए 26 किमी का अतिरिक्त सफर तय कर वाया खड़ामुख होकर ही पहुंचना पड़ेगा। पहले ग्रामीण 18 से 20 किमी का रास्ता तय कर पहुंच रहे थे।

पुल का सारा सामान रावी में जा पहुंचा
लोनिवि के सहायक अभियंता अजय शर्मा ने बताया कि सिंयूर में लकड़ी के पुल के साथ ही बीते दो साल से लोहे का पुल निर्मित करवाया जा रहा है। जिस पर अमूमन 6 करोड़ 12 लाख की राशि खर्च होगी। पुल की शटरिंग के पश्चात अब स्लैब डालने का काम ही शेष बचा हुआ था। लेकिन, आज सुबह पहाड़ी दरकने से पुल का सारा सामान रावी में जा पहुंचा है। उधर, भरमौर विधायक डॉ. जनक राज शर्मा ने बताया कि भूस्खलन से निर्माणाधीन पुल क्षतिग्रस्त होकर पुल का सामान रावी नदी में जा पहुंचा है।
विभाग को दिए जांच के निर्देश
शासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और संबंधित विभाग को जांच के निर्देश दिए हैं। साथ ही, क्षेत्र में लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है। प्रशासन ने जल्द वैकल्पिक व्यवस्था करने का आश्वासन दिया है।







