चम्बा । चम्बा शहर के हरदासपुरा वार्ड के लाहड़ी इलाके में रविवार को भी लाहड़ी इलाके में बंदरों ने अचानक राहगीरों पर धावा बोल दिया। इस हमले में राजेंद्र, मेाहिंद्र, चंपा देवी, सलीम कुमार और राजकुमार घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चम्बा ले जाया गया। मेडिकल कॉलेज के एमएस डॉ. प्रदीप ने बताया कि सभी घायलों को प्राथमिक उपचार और जरूरी दवाइयां देकर घर भेज दिया गया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार हरदासपुरा और आसपास के इलाकों में बंदरों ने आतंक मचा रखा है। खासकर बच्चों का घर से बाहर निकलना और खेलना बंद हो गया है।
वहीं बढ़ते खौफ के बावजूद वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार वन विभाग से गुहार लगाई है कि अलग-अलग हिस्सों में पिंजरे लगाकर इन खूंखार बंदरों को पकड़ा जाए, लेकिन अब तक कोई ठोस जमीनी कार्रवाई नहीं हुई है।







