शव छिपाने की कोशिश भी नाकाम, 3 आरोपी पुलिस रिमांड पर
चंबा। चंबा जिले के चुराह उपमंडल में हुए चालक हरविंद्र सिंह हत्याकांड में पुलिस जांच में एक बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। तीसा थाना पुलिस की प्रारंभिक तफ्तीश में यह पूरा मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ पाया गया है। इस मामले में गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर ले लिया गया है, जिनसे गहन पूछताछ जारी है।

पुलिस जांच के अनुसार, मृतक हरविंद्र सिंह पेशे से चालक था। उसका गांव की ही एक युवती के साथ प्रेम संबंध था। जब इस बात की भनक युवती के पक्ष के लोगों को लगी, तो उन्होंने हरविंद्र को डराने-धमकाने और इस मामले को हमेशा के लिए सुलझाने की योजना बनाई। आरोपियों ने हरविंद्र सिंह को भंजराडू स्थित उसके कमरे से बातचीत करने के बहाने बाहर बुलाया और अपने साथ ले गए। सुनसान जगह पर बातचीत के दौरान दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने हरविंद्र पर हमला कर दिया। इस मारपीट में चोट आने के कारण हरविंद्र सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
आरोपियों ने शव को एक वाहन डालकर गहरे नाले में फेंका
जांच में सामने आया है कि अपने गुनाह को छिपाने के लिए आरोपियों ने शव को एक वाहन (गाड़ी) में डाला और पास के एक गहरे नाले में फेंक दिया, ताकि यह एक आम सड़क दुर्घटना लगे।
हत्याकांड के पीछे प्रेम प्रसंग ही बात सामने आई है। अदालत ने तीनों आरोपियों को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। फोरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।-विजय कुमार सकलानी, पुलिस अधीक्षक, चंबा।








