चंबा । चंबा जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो घायल हो गए। जिले के उरेई-सांबरा मार्ग पर एक कार दुर्घटनाग्रस्त होकर कई फीट नीचे घटोर नाले में गिर गई। हादसे में कार में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में दो महिलाओं और कार चालक की जान चली गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके के लिए रवाना हुए। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेज दिया गया है।
राहत एवं बचाव कार्य जारी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस मृतकों और घायलों की पहचान करने के साथ ही हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।








