चंबा। चंबा जिले के चुराह उपमंडल में शनिवार मध्य रात्रि एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। नकरोड़-हिमगिरि डैम साइड सड़क पर एक ऑल्टो के10 कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में मौके पर ही चार लोगों की मौत हो गई। एचपी44ए-0494 नंबर की यह कार बैरासियूल नदी में जा गिरी। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

जानकारी के अनुसार वाहन में सवार सभी लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले चार लोगों की पहचान हो गई है। मृतकों में शुकरदीन (52) पुत्र शक मोहम्मद, निवासी गांव करमुंड, डाकघर टिकरीगढ़, तहसील चुराह, जिला चंबा। सलमान (25) पुत्र ताज मोहम्मद, निवासी गांव करमुंड, डाकघर टिकरीगढ़, तहसील चुराह, जिला चंबा। ताशी उर्फ बिट्टू (41) पुत्र किशन चंद, निवासी गांव करमुंड, डाकघर टिकरीगढ़, तहसील चुराह, जिला चंबा। संजू (22) पुत्र खेम राज, निवासी गांव करमुंड, डाकघर टिकरीगढ़, तहसील चुराह, जिला चंबा। प्रशासन और पुलिस ने हादसे के बाद आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
हादसे के कारणों की हो रही जांच
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और मदद का प्रयास किया। उन्होंने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित किया। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने इस दुखद घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि एसएचओ तीसा की अगुवाई में पुलिस टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो गई है। पुलिस टीम दुर्घटना के कारणों की गहन जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।








