चंबा। जिला चंबा के तीसा क्षेत्र में स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रही एक नाबालिग छात्रा के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया है। आरोप है कि रास्ते में एक युवक ने छात्रा को रोककर उसके साथ अभद्र व्यवहार किया और उसे डराने-धमकाने की कोशिश की।

घटना के बाद छात्रा ने घर पहुंचकर परिजनों को पूरी जानकारी दी। परिजन उसे लेकर पुलिस थाने पहुंचे, जिसके बाद तीसा पुलिस ने POCSO एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, छात्रा स्कूल की छुट्टी के बाद अपने घर की ओर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में आरोपी युवक ने कथित तौर पर उसका रास्ता रोक लिया। पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने छात्रा का हाथ पकड़ने और उसके साथ अनुचित व्यवहार करने की कोशिश की। आरोप है कि उसने छात्रा को डराया-धमकाया और उस पर दबाव बनाने का प्रयास भी किया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने पीड़िता की पहचान से जुड़ी कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।
घर पहुंचकर परिजनों को बताई पूरी बात
घटना के बाद छात्रा काफी सहम गई। घर पहुंचने पर उसने अपने परिजनों को घटना के बारे में बताया। परिजन छात्रा को लेकर तुरंत पुलिस थाना तीसा पहुंचे और शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामले में तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ POCSO अधिनियम के साथ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
एसपी चंबा ने दी मामले की जानकारी
चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने बताया कि थाना तीसा में POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस की ओर से मामले में आगे की कार्रवाई जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।







