चंबा। चंबा जिले के तुनुहट्टी-लाहड़ू-धर्मशाला मार्ग पर बुधवार सुबह सीमैंट से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सीधे नीचे गुजर रहे पठानकोट-चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जा गिरा। गनीमत यह रही कि इस भयानक दुर्घटना में ट्रक चालक और उसके 12 वर्षीय बेटे की जान बच गई, हालांकि दोनों गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

जानकारी के अनुसार नालागढ़ निवासी 38 वर्षीय ट्रक चालक जसवीर सिंह अपने 12 साल के बेटे वंश को साथ लेकर मंगलवार को नालागढ़ से ट्रक (एचपी24 डी-7230) में सीमैंट लोड कर चंबा के लिए रवाना हुए थे। बुधवार सुबह करीब 8 बजे जब वे वाया लाहडू होते हुए तुनुहट्टी के समीप एक मोड़ पर पहुंचे, तो सामने से आ रही एक निजी बस से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद ट्रक पूरी तरह से अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे लुढ़कते हुए सीधे दूसरे राष्ट्रीय राजमार्ग पर जा गिरा।
मौके पर पहुंचे लोगों ने बिना समय गंवाए ट्रक के मलबे में फंसे घायल चालक पिता और उसके बेटे को बाहर निकाला। दोनों को तुरंत एक निजी वाहन के जरिए नजदीकी कमलाडी स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार देने के बाद दोनों की स्थिति को देखते हुए उन्हें नागरिक अस्पताल चुवाड़ी रैफर कर दिया गया है।







