चंबा। पठानकोट-चम्बा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनीखेत के समीप बैली गांव में एक मालवाहक ट्रक में अचानक भयंकर आग लग गई। गनीमत यह रही कि चालक ने घबराने की बजाय स्थिति को संभाला और ट्रक को सुरक्षित स्थान पर खड़ा कर तुरंत बाहर निकल गया, जिससे उसकी जान बच गई।

जानकारी के अनुसार लोहे के बड़े-बड़े पाइपों से लदा यह मालवाहक ट्रक सोमवार रात पठानकोट से चम्बा की ओर जा रहा था। रात करीब 12 बजे जब ट्रक बैली गांव से कुछ मीटर पहले एक खड़ी चढ़ाई पर पहुंचा, तभी चालक को इंजन की तरफ से धुआं निकलता हुआ दिखाई दिया। इससे पहले कि चालक कुछ समझ पाता, धुएं ने आग की लपटों का रूप ले लिया और ट्रक के अगले हिस्से को पूरी तरह से अपनी चपेट में ले लिया।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंची। अग्निशमन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया।








