भारी कर्ज से बचने के लिए खुद ही लापता होने की रची थी साजिश
चम्बा। चंबा जिले में चम्बा-बनीखेत-चौहड़ा मार्ग पर 30 मई को रहस्यमयी हाल में लापता हुआ युवक मिल गया है। परिजनों ने युवक की हत्या की आशंका जताई थी, लेकिन मामले में अब चौंकाने वाला खुलासा हुआ।
पहले कहा जा रहा था पिकअप दुर्घटना का शिकार हो गई है और चालक डैम में समा गया है, लेकिन अब मामले में नया मोड़ सामने आया है। पुलिस जांच में पता चला है कि चालक ने भारी कर्ज से बचने के लिए खुद ही लापता होने की साजिश रची थी।

जानकारी के अनुसार, 30 मई को मुर्गे लेने जा रही एक पिकअप गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। हादसे की सूचना अगले दिन मिली, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। तलाशी अभियान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त वाहन को खाई से निकाल लिया गया, लेकिन चालक का कोई सुराग नहीं मिला।
वहीं परिजनों ने प्रशासन और पुलिस के समक्ष हत्या की आशंका जताते हुए गहन जांच की मांग की। इसके बाद प्रशासन ने व्यापक सर्च अभियान चलाया। इसी बीच चालक को जानने वाले कुछ लोगों ने उसे एक स्थान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में देखे जाने की सूचना पुलिस को दी। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चालक को बरामद कर लिया और उसे पूछताछ के लिए थाना बनीखेत लाया गया। वाहन चालक की पहचान जिला चंबा के किहार क्षेत्र के डांड गांव के 22 वर्षीय युवक तौफीक भट्ट के रूप में हुई है।
चालक ने किया चौंकाने वाला खुलासा
पूछताछ के दौरान चालक ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि उसे ऑनलाइन गेमिंग की लत लग गई थी और इस कारण उस पर लाखों रुपये का कर्ज हो गया था। कर्ज और आर्थिक दबाव से परेशान होकर उसने दुर्घटना के बाद खुद को लापता दिखाने की योजना बनाई थी, ताकि वह अपने ऊपर चढ़े कर्ज और अन्य जिम्मेदारियों से बच सके।
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि चालक ने स्वयं ही लापता होने की साजिश रची थी।युवक के भाई को भी उसकी प्लानिंग की जानकारी थी, लेकिन उनसे कुछ नहीं बताया। अब उसे भी जांच में शामिल किया जाएगा। युवक पर ऑनलाइन गेम खेलने की वजह से काफी कर्जा हो गया है और इसलिए उसने यह सब किया।-विजय सकलानी, एसपी, चंबा।








