हिमाचल दस्तक। भुंतर
कुल्लू पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ छेड़े अभियान के तहत भुंतर पुलिस ने बजौरा में नाकाबंदी के दौरान मुंबई के एक युवक को 2.605 किलोग्राम चरस सहित धर दबोचा है।
जानकारी के अनुसार पुलिस ने बाजौरा में नाकाबंदी के दौरान अलसुबह लगभग 3 बजे टीम के साथ एक वाहन को तलाशी के लिए रोका और तलाशी करने पर वाहन से 2.605 किलोग्राम चरस बरामद की गई।
एसपी कुल्लू गौरव सिंह ने बताया कि भुंतर पुलिस की टीम ने बजौरा में नाकाबंदी के दौरान मनोज शर्मा (20), निवासी गौंस कंपाउंड लिंक रोड बेहराम बाग नव शक्ति नगर,मुंबई, जोगेश्वरी पश्चिम के कब्जे से 2.605 किलोग्राम चरस बरामद की है।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार युवक चरस को मुंबई ले जाने की कोशिश कर रहा था। गौरव सिंह ने कहा कि नशे के सौदागरों पर पुलिस की पैनी नजर है। उन्होंने कहा कि नशे के सौदागरों को किसी भी सूरत में नहीं बख्शा जाएगा।