देवेंद्र सूद/राजीव भनोट। गगरेट
उपमंडल गगरेट में शुक्रवार रात्रि आए तेज तूफान व बारिश में हिमाचल-पंजाब सीमा पर खनन विभाग की चेक पोस्ट उड़ गई। इस हादसे में 3 लोग घायल भी हुए वहीं लाखों रुपये का नुकसान भी हुआ है। घायल चालक को उपचार के लिए होशियारपुर के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
शुक्रवार रात्रि आए तेज तूफान व बारिश से हिमाचल-पंजाब सीमा पर स्थित खनन विभाग की चेक पोस्ट उड़ गई। इस हादसे में खनन विभाग के निरीक्षक गुरदयाल सिंह, होमगार्ड करमदीन व एक अन्य चालक हरदयाल सिंह घायल हुए हैं। परिवहन विभाग के टॉवर की वजह से गनीमत रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई।
घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल गगरेट में भर्ती करवाया गया। चालक हरदयाल सिंह की हालत गंभीर होने के चलते उसे पंजाब के एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है। इस तूफान में गगरेट बिजली बोर्ड को भी 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है तो वहीं खनन विभाग को 3 लाख व परिवहन विभाग को करीब 1.50 लाख रुपये के नुकसान का आंकलन किया गया है।
हादसे के बाद जिला खनन अधिकारी नीलकांत व परिवहन विभाग के एआरटीओ राजेश कौशल ने मौके पर पहुंचकर चेक पोस्ट का निरीक्षण किया है। खनन विभाग की इस चैक पोस्ट का कुछ माह पहले ही मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने ऑनलाइन लोकार्पण किया था और निर्माण के कुछ माह बाद ही यह चेक पोस्ट तेज हवा में उड़ गई। इस चेक पोस्ट के निर्माण पर 3 लाख रुपये खर्च किए गए थे। लोकार्पण के बाद से ही यह चेक पोस्ट विवादों में रही है।